Haryana News: हरियाणा के सरकारी स्कूलों में कार्यरत हजारों शिक्षकों को ऑनलाइन तबादला प्रक्रिया के लिए अभी कुछ और इंतजार करना होगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक और तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए ऑनलाइन टीचर ट्रांसफर ड्राइव-2026 के कार्यक्रम में बदलाव किया है। विभाग द्वारा जारी संशोधित शेड्यूल के अनुसार अब तबादला प्रक्रिया का अधिकांश कार्य अगस्त और सितंबर के बीच पूरा किया जाएगा। ऐसे में शिक्षक अब नई समय-सारिणी के अनुसार अपनी तैयारियां करेंगे।
शिक्षा विभाग का कहना है कि संशोधित कार्यक्रम का उद्देश्य पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि शिक्षकों के रिकॉर्ड, सेवा अवधि और अन्य विवरणों का सही तरीके से सत्यापन किया जा सके।
Haryana News: हरियाणा में गुड गवर्नेंस पर जोर, CM सैनी ने अधिकारियों को किया अलर्ट
प्रोफाइल वेरिफिकेशन से होगी प्रक्रिया की शुरुआत
नए कार्यक्रम के अनुसार 11 अगस्त से 17 अगस्त तक सभी शिक्षकों को एमआईएस (MIS) पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी व्यक्तिगत जानकारी, सेवा रिकॉर्ड और अन्य आवश्यक विवरणों का सत्यापन करना होगा। विभाग ने सभी शिक्षकों से समय सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि आगे की कार्रवाई बिना किसी बाधा के हो सके।
स्कोर सूची और आपत्तियों का पूरा शेड्यूल
प्रोफाइल सत्यापन के बाद 18 और 19 अगस्त को विभाग शिक्षकों की प्रारंभिक स्कोर एवं टेन्योर (कार्यकाल) सूची जारी करेगा। यदि किसी शिक्षक को अपने स्कोर, सेवा अवधि या अन्य विवरणों पर कोई आपत्ति होती है तो वे 20 अगस्त से 24 अगस्त तक ऑनलाइन माध्यम से अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
इसके बाद 25 अगस्त से 31 अगस्त तक जिला स्तरीय समितियां प्राप्त दावों और आपत्तियों की जांच कर उनका निस्तारण करेंगी। जिन मामलों का समाधान जिला स्तर पर नहीं हो पाएगा, उनकी सुनवाई 5 से 7 सितंबर के बीच राज्य स्तरीय समिति करेगी।
सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा होने के बाद 8 और 9 सितंबर को अंतिम स्कोर एवं टेन्योर सूची प्रकाशित की जाएगी।
कपल केस और पात्रता तिथि को लेकर अहम निर्देश
शिक्षा विभाग ने कपल केस (पति-पत्नी दोनों सरकारी सेवा में होने) से जुड़े मामलों के लिए भी नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ऐसे शिक्षकों को अतिरिक्त लाभ प्राप्त करने के लिए विभाग द्वारा निर्धारित नए अंडरटेकिंग प्रारूप के अनुसार आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।
इसके साथ ही विभाग ने 10 अगस्त को ट्रांसफर प्रक्रिया के लिए क्वालिफाइंग डेट निर्धारित किया है। शिक्षकों की सेवा अवधि, मेरिट और अन्य पात्रताओं का मूल्यांकन इसी तिथि के आधार पर किया जाएगा।
अंतिम सूची के बाद शुरू होगी मुख्य ट्रांसफर प्रक्रिया
राज्यभर के शिक्षक लंबे समय से ऑनलाइन तबादला प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। अब संशोधित शेड्यूल जारी होने के बाद सभी की नजरें सितंबर में प्रकाशित होने वाली अंतिम स्कोर सूची पर टिकी हैं। अंतिम सूची जारी होने के बाद शिक्षक अपनी पसंद के स्कूलों का ऑनलाइन चयन कर सकेंगे। इसके बाद विभाग स्थानांतरण की मुख्य प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा।
शिक्षा विभाग ने सभी शिक्षकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने दस्तावेजों का सत्यापन करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो समय रहते ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि अंतिम सूची जारी होने के बाद किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Haryana News: CM नायब सैनी का बड़ा आदेश, अब हर शिकायत का देना होगा जवाब







