Haryana News: हरियाणा पुलिस विभाग के दूरसंचार विंग ने पूर्व सैनिकों के लिए भर्ती का बड़ा अवसर दिया है। विभाग की ओर से 400 विशेष पुलिस अधिकारियों यानी SPO के पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की गई है। इस भर्ती में सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF), भंग हो चुके हरियाणा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (HSISF) और हरियाणा सशस्त्र पुलिस (HAP) बटालियनों से सेवानिवृत्त पूर्व कांस्टेबल आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि उम्मीदवारों को चयन के लिए किसी लिखित परीक्षा या शारीरिक दक्षता परीक्षा से नहीं गुजरना होगा। चयन प्रक्रिया वॉक-इन इंटरव्यू के माध्यम से पूरी की जाएगी।
Haryana News: दिल्ली कूच से पहले बड़ा एक्शन, हरियाणा पुलिस ने खनौरी बॉर्डर किया सील
कौन कर सकता है आवेदन?
भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 12वीं कक्षा पास होना जरूरी है। आयु सीमा की बात करें तो निर्धारित तिथि के अनुसार आवेदक की उम्र न्यूनतम 25 वर्ष और अधिकतम 50 वर्ष होनी चाहिए।
सशस्त्र बलों या CAPF की सिग्नल कोर में काम कर चुके और दूरसंचार उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक अनुभव रखने वाले पूर्व सैनिकों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा संबंधित उम्मीदवारों के पास कम से कम पांच वर्ष की सेवा का अनुभव होना आवश्यक है।
सेवा रिकॉर्ड भी होगा अहम
उम्मीदवार की सेवानिवृत्ति के समय मेडिकल कैटेगरी ‘A’ होना जरूरी है। साथ ही उसका चरित्र प्रमाण पत्र ‘उत्कृष्ट’ या ‘अति उत्कृष्ट’ श्रेणी का होना चाहिए। जिन कर्मियों को अनुशासनहीनता, कदाचार या चिकित्सकीय रूप से अयोग्य पाए जाने के कारण सेवा से बर्खास्त या हटाया गया है, वे इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे।
हर महीने मिलेगा 20 हजार रुपये मानदेय
चयनित SPO को सरकार की ओर से 20,000 रुपये प्रति माह का निश्चित मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा पुलिस विभाग की ओर से 3,000 रुपये का एकमुश्त वर्दी भत्ता भी मिलेगा।
ड्यूटी के दौरान असाधारण परिस्थितियों में मृत्यु या गंभीर चोट की स्थिति में निर्धारित नियमों के अनुसार आर्थिक सहायता का भी प्रावधान है। कार्रवाई में वीरगति प्राप्त होने पर परिवार को 10 लाख रुपये तक की अनुग्रह राशि दी जाएगी। स्थायी दिव्यांगता, गंभीर चोट या प्राकृतिक मृत्यु के मामलों में भी अलग-अलग सहायता राशि निर्धारित की गई है।
15 दिन की ट्रेनिंग के बाद होगी नियुक्ति
चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति से पहले 15 दिनों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। नियुक्ति शुरुआती तौर पर एक वर्ष के लिए होगी या नियमित नियुक्तियां होने तक प्रभावी रहेगी। दस्तावेजों, शैक्षणिक योग्यता, आयु, चरित्र और पूर्ववृत्त के साथ मेडिकल जांच का भी सत्यापन किया जाएगा।
इन तारीखों पर होगा वॉक-इन इंटरव्यू
उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करने की जरूरत नहीं है। उन्हें निर्धारित तारीख पर सुबह 9 बजे पुलिस लाइन दूरसंचार, सेक्टर-25 के सामने, गांव मोगीनंद के पास, पंचकूला में पहुंचना होगा।
24 अगस्त: पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल
25 अगस्त: सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, भिवानी और चरखी दादरी
26 अगस्त: गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और नारनौल
27 अगस्त: हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, हांसी, जींद और डबवाली
उम्मीदवारों को सभी मूल दस्तावेज, सत्यापित प्रतियों का एक सेट और चार नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लाने होंगे। निर्धारित जिले की तारीख के बाद पहुंचने वाले या अधूरे दस्तावेज वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
Haryana News: स्कूली बच्चों के लिए राहत की खबर, 17 अगस्त को छुट्टी का बड़ा ऐलान







