Haryana News: हरियाणा के हांसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान एक छात्र के घायल होने के मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हांसी सिटी थाने के बाहर धरना दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लुल्लू ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पीड़ित छात्र को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
Haryana News: कचरा प्रबंधन को लेकर हरियाणा सरकार घिरी, हाई कोर्ट ने
पैलेट गन और आंसू गैस के इस्तेमाल पर सवाल
प्रदर्शन के दौरान अजय कुमार लुल्लू ने जंतर-मंतर पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने पैलेट गन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। कांग्रेस नेता के मुताबिक, इसी कार्रवाई के दौरान एक युवक की आंख में पैलेट गन की गोली लगी, जिससे उसकी आंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने कहा कि मामला बेहद गंभीर है और पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए।
राहुल गांधी से मुलाकात का भी किया जिक्र
अजय कुमार लुल्लू ने बताया कि घायल छात्र ने बाद में कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इसके बाद राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से छात्र की स्थिति और उसके लिए न्याय की मांग को सामने रखा था। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि इस मामले को संसद में भी उठाया गया। उनका आरोप है कि तमाम प्रयासों के बावजूद अब तक पीड़ित छात्र की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
नेता प्रतिपक्ष की मांग पर कार्रवाई न होने का आरोप
लुल्लू ने कहा कि राहुल गांधी खुद संसद मार्ग थाने पहुंचे थे और संयुक्त पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। कांग्रेस नेता का आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सवाल किया कि यदि देश के नेता प्रतिपक्ष की ओर से मामला दर्ज कराने की मांग के बावजूद कार्रवाई नहीं होती, तो आम नागरिकों की शिकायतों को लेकर व्यवस्था कितनी संवेदनशील है।
उन्होंने कहा कि कानून सभी नागरिकों के लिए समान होना चाहिए। प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन चलाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।
पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र को घेरा
धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पेपर लीक के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। अजय कुमार लुल्लू ने केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक दशक में देश में बड़ी संख्या में पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक को लेकर राहुल गांधी लगातार युवाओं की आवाज सड़क से संसद तक उठाते रहे हैं और तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी कर चुके हैं।
न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान स्पष्ट किया कि जब तक घायल छात्र को न्याय नहीं मिलता और जिम्मेदार अधिकारियों व संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक पार्टी अपना आंदोलन जारी रखेगी।
धरने में नारनौंद के विधायक, कांग्रेस के वरिष्ठ जिला पदाधिकारी, पूर्व मंत्री, महिला कांग्रेस की नेता और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई।
Haryana News: दिल्ली-NCR से UP-बिहार जाने वालों की बढ़ी टेंशन, ट्रेनों में लंबी वेटिंग







