SIGN IN

Haryana News: हरियाणा में हड़ताल की चेतावनी! सफाई कर्मचारियों ने सरकार को दिया अंतिम अल्टीमेटम

हरियाणा में अग्निशमन और नगर पालिका कर्मचारी यूनियनों ने पूर्व समझौते को लागू न करने पर सरकार को अल्टीमेटम देते हुए 5 अगस्त तक मांगें पूरी न होने पर 6 अगस्त से तीन दिवसीय राज्यव्यापी और जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।

Haryana News

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

अगस्त 2, 2026

Haryana News: हरियाणा में एक बार फिर कर्मचारियों और राज्य सरकार के बीच टकराव की स्थिति बनती नजर आ रही है। अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन और नगर पालिका कर्मचारी संगठनों ने सरकार पर पूर्व में हुए समझौते को लागू न करने का आरोप लगाते हुए राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। यूनियन का कहना है कि यदि 5 अगस्त तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो 6 अगस्त से तीन दिनों की हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। कर्मचारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदला जा सकता है।

Punjab News: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सिर पर उठाया पवित्र कलश, पंजाब में ऐतिहासिक स्वागत

रविवार को मुख्य दमकल केंद्र में जिला प्रधान अजय श्योराण की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में अग्निशमन और सफाई कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और आंदोलन की आगामी रणनीति पर चर्चा की। यूनियन नेताओं ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों के साथ किए गए वादों को पूरा नहीं किया, जिससे कर्मचारियों में गहरा असंतोष है।

बैठक को संबोधित करते हुए राज्य प्रधान राजेंद्र सिणद और राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव खत्री ने कहा कि 13 मई को सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच द्विपक्षीय समझौता हुआ था। उस समय कर्मचारियों की कई प्रमुख मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन अब सरकार उन लिखित आश्वासनों को लागू करने से पीछे हटती दिखाई दे रही है। नेताओं का कहना है कि समझौते को पूरी तरह लागू किए बिना कर्मचारियों का विश्वास बहाल नहीं हो सकता।

यूनियन नेताओं ने सरकार द्वारा जारी किए गए जॉब सिक्योरिटी पत्र पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि यह पत्र नियमित सरकारी नौकरी का विकल्प नहीं हो सकता। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें स्थायी नियुक्ति दी जाए और समझौते में शामिल सभी बिंदुओं को बिना किसी देरी के लागू किया जाए।

बैठक में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य सचिव पुरुषोत्तम दानव ने भी सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। विशेष रूप से ग्रुप-डी के रिक्त पदों पर नियमित भर्ती नहीं होने से हजारों कर्मचारी और युवा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते निर्णय नहीं लिया, तो कर्मचारी आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।

यूनियन ने सरकार को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 5 अगस्त तक मांगों को लागू नहीं किया गया, तो 6, 7 और 8 अगस्त को पूरे हरियाणा में तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इस दौरान अग्निशमन और सफाई सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। कर्मचारियों ने यह भी कहा कि यदि इस हड़ताल के बाद भी सरकार ने समाधान नहीं निकाला, तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन रूप दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह सरकार और प्रशासन की होगी।

बैठक में कर्मचारियों ने अपनी प्रमुख मांगों को भी दोहराया। इनमें अग्निशमन कर्मचारियों को नियमित करना, जोखिम भत्ता और वर्दी भत्ता जारी करना, लंबित वेतन एरियर का भुगतान, तथा ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले दमकल कर्मियों के आश्रितों को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी देने जैसी मांगें शामिल हैं।

इस बैठक में सुमेर आर्य, सुशील कुमार, राजेश गुर्जर, अभिषेक भाटी, नवीन, उमेश राठी, गोविंद बुल्ला, सुमेर सिंह और ईश्वर सिंह सहित कई कर्मचारी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने और कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Haryana News: बॉक्सिंग रिंग में हरियाणा का जलवा, 7 खिलाड़ी गोल्ड जीतने के करीब

Post Tags

, , , , ,