SIGN IN

Haryana News: 17 जुलाई को पटरी पर दौड़ेगी भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, पीएम मोदी के हाथों होगा उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

Haryana News

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जुलाई 7, 2026

Haryana News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई 2026 को हरियाणा के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री राज्य में हजारों करोड़ रुपये की कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। इनमें चार नए सरकारी मेडिकल कॉलेज, दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का हरियाणा सेक्शन और कुरुक्षेत्र का एलिवेटेड रेलवे ट्रैक शामिल हैं।

प्रधानमंत्री जींद के नए बस स्टैंड के सामने आयोजित होने वाली विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। राजनीतिक दृष्टि से यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव के करीब 12 साल बाद प्रधानमंत्री सीधे जींद की धरती पर पहुंचेंगे। इसी दिन उनके चंडीगढ़ और पंजाब में भी कई परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

Ram Mandir: राम मंदिर ट्रस्ट की साख पर लगे दाग को धोएंगे पूर्व IFS कृष्ण मोहन, जिम्मेदारी मिलते ही साफ की अपनी रणनीति

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगी जींद रैली

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के अनुसार, जींद में होने वाली प्रधानमंत्री की जनसभा को पर्यावरण संरक्षण, ईंधन की बचत और ग्रीन एनर्जी की थीम से जोड़ा जाएगा। पार्टी ने रैली में शामिल होने वाले लोगों से पैदल, साइकिल, इलेक्ट्रिक वाहन या ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की अपील की है।

इस पहल का उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का सकारात्मक संदेश देना है। हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ भी इसी ग्रीन एनर्जी अभियान का प्रमुख हिस्सा माना जा रहा है।

जींद-सोनीपत रूट पर चलेगी हाइड्रोजन ट्रेन

देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल ट्रेन जींद-सोनीपत रेलवे ट्रैक पर चलाई जाएगी। करीब 136 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना के तहत ट्रेन में 10 आधुनिक कोच लगाए गए हैं। यह ट्रेन अधिकतम 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाकर इसके कमर्शियल संचालन की शुरुआत करेंगे। हाइड्रोजन से चलने के कारण यह ट्रेन पारंपरिक डीजल ट्रेनों की तुलना में कम प्रदूषण करेगी और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देगी।

कुरुक्षेत्र को सिख संग्रहालय और एलिवेटेड ट्रैक

प्रधानमंत्री कुरुक्षेत्र में 115 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिख संग्रहालय की आधारशिला भी वर्चुअली रखेंगे। इसे पंजाब के विरासत-ए-खालसा की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।

इसके अलावा करीब 350 करोड़ रुपये में तैयार छह किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का उद्घाटन किया जाएगा। इसके शुरू होने से कुरुक्षेत्र शहर के पांच प्रमुख रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

एक्सप्रेसवे और मेडिकल कॉलेजों का भी उद्घाटन

प्रधानमंत्री दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के हरियाणा में बने 135 किलोमीटर लंबे हिस्से का भी वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। करीब 1,866 करोड़ रुपये की लागत वाला यह हिस्सा झज्जर, सोनीपत, जींद और कैथल से होकर गुजरता है।

स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने के लिए नारनौल और भिवानी सहित चार जिलों में बने नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों का भी लोकार्पण किया जाएगा। इससे राज्य में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ने और युवाओं को नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

Pradosh Vrat Date: जुलाई में कब है प्रदोष व्रत? जानें दिन तारीख और पूजा विधि

Post Tags

, , , , , , ,